किशनगंज: सीमलबाड़ी निवासी समाज सेविका रोशनी परवीन का चयन नेशनल यूथ क्लाइमेट चेंज (NYCC) में हुआ है। पूरे भारत में मात्र 30 युवा नेताओं को इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए चुना गया है, और उनमें से बिहार का प्रतिनिधित्व करने के लिए किशनगंज की बेटी रोशनी परवीन भी शामिल हैं।

रोशनी दो दिन पूर्व ही कर्नाटक के मैसूर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भाग ले चुकी हैं, जहां वह जलवायु परिवर्तन के मुद्दों पर चर्चा की और इसके समाधान के लिए प्रयास करने का निर्णय लिया है। मीडिया से बात करते हुए रोशनी ने बताया कि वह इसके अलावा NYCC के 30 यूथ लीडरों में शामिल होने के बाद अब वह देश के अलग-अलग जगह में जाकर कार्यक्रमों में शामिल होंगी, और जलवायु परिवर्तन से हो रहे समस्याओं के रोकथाम पर चर्चा करेंगी।

रोशनी परवीन ने किशनगंज जिले सहित पूरे बिहार के प्रतिनिधित्व करते हुए LCOY (लोकल कांफ्रेंस ऑफ यूथ) 2024 में भाग लिया, जहां उन्होंने जलवायु परिवर्तन को मानव गतिविधियों के कारण उत्पन्न सबसे बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में इससे निपटना बहुत कठिन हो जाएगा। रोशनी ने अपने क्षेत्र में बढ़ते तापमान, प्लास्टिक कचरे, भूमि अतिक्रमण, और बिहार में बाढ़ की समस्या के कारण होने वाले नुकसान को मुख्य समस्याओं के रूप में चिन्हित किया। उल्लेखनीय है कि रोशनी परवीन कई संस्थाओं के साथ मिलकर काम कर चुकी हैं। उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व स्विट्जरलैंड के जिनेवा में भी किया है, जहां उन्हें विश्व युवा सम्मेलन 2023 में सम्मानित किया गया था।

वर्तमान में रोशनी किशनगंज जिले में बाल विवाह रोकथाम के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उन्होंने सैकड़ों बच्चियों को बाल विवाह से मुक्त कराया और दर्जनों महिलाओं को दहेज के खिलाफ न्याय दिलाया। रोशनी परवीन के इस महत्वपूर्ण चयन और सामाजिक योगदान के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है, और बिहार सहित किशनगंज का नाम रोशन करने पर गर्व जताया है।
