अररिया जिले में प्रभु ईसा मसीह का जन्मोत्सव क्रिसमस पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। देर रात 12 बजे से ही लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बधाई संदेशों का सिलसिला रात भर चलता रहा।

सुबह होते ही ईसाई समुदाय के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। अररिया शहर के शिवपुरी वार्ड संख्या 9 स्थित ट्रिनिटी एजी चर्च में सुबह 9 बजे से विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। लोगों ने प्रभु ईसा मसीह की आराधना कर सुख, शांति, समृद्धि और विश्व में अमन की कामना की।

प्रार्थना सभा के बाद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर और मुस्कुराते हुए क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। चर्च परिसर में स्तुति गीतों की मधुर स्वर लहरियां गूंजती रहीं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। अररिया जिला मुख्यालय के साथ-साथ फारबिसगंज और रानीगंज के चर्चों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। लोग परिवार के साथ चर्च पहुंचकर विशेष प्रार्थनाओं में शामिल हुए।

क्रिसमस के अवसर पर पूरे दिन चर्चों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें आराधना, स्तुति गीत, प्रवचन के साथ-साथ बच्चों के लिए नृत्य, गायन और नाटक जैसी रोचक प्रस्तुतियां शामिल रहीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और उत्सव को और भी यादगार बना दिया।
इस मौके पर अररिया शहर पूरी तरह उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। घरों और चर्चों को रंग-बिरंगी लाइटों, क्रिसमस ट्री और सांता क्लॉज की सजावट से सजाया गया। ईसाई समुदाय के साथ-साथ अन्य धर्मों के लोगों ने भी इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं देकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.











