पूर्णिया में ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ हुए गैंगरेप की घटना के तीसरे दिन शहर में आक्रोश खुलकर सड़कों पर दिखाई दिया। इस जघन्य अपराध के विरोध में मंगलवार देर शाम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बैनर तले शहर में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। सैकड़ों की संख्या में छात्र, युवा और आम नागरिक हाथों में मशाल लेकर पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग करते हुए सड़कों पर उतरे।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए स्पीडी ट्रायल चलाकर फांसी की सजा देने की मांग की। जुलूस में शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पूर्णिया में चक्का जाम कर पूर्णिया बंद किया जाएगा।
मशाल जुलूस जिला स्कूल परिसर से शुरू होकर खीरू चौक, भट्ठा बाजार और झंडा चौक होते हुए आरएन साह चौक तक पहुंचा। पूरे मार्ग में “आरोपियों को फांसी दो” और “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” जैसे नारे गूंजते रहे। मशालों की रोशनी में प्रदर्शनकारियों का आक्रोश साफ नजर आया, वहीं पुलिस की धीमी कार्रवाई को लेकर लोगों में गहरी नाराजगी देखी गई।

जुलूस का नेतृत्व कर रहे अभाविप के विभाग संयोजक नितेश निक्कू ने कहा कि पीड़िता पहले ही अपने जीवन में कई गंभीर संघर्षों से गुजर चुकी है। पिता और पति को खोने के बाद वह ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी से जूझते हुए सम्मान के साथ जीवन जीने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अपराधियों ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर उसे अपनी दरिंदगी का शिकार बना लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई में सुस्ती आ गई है, जिससे यह संदेह पैदा होता है कि अपराधियों को कहीं न कहीं संरक्षण मिल रहा है।

ABVP के जिला संयोजक दीपक कुमार ने भी पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधियों के मन में कानून का डर तभी पैदा होगा जब उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने योगी मॉडल की तर्ज पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अपराधियों के घरों पर बुलडोजर चलना चाहिए। साथ ही उन्होंने इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाकर स्पीडी ट्रायल चलाने की मांग की, ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके और दोषियों को फांसी की सजा दी जा सके।
मशाल जुलूस में ABVP के कार्यकर्ताओं के अलावा विभिन्न छात्र संगठनों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में पीड़िता को न्याय दिलाने और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। शहर में बढ़ते जनआक्रोश को देखते हुए प्रशासन पर अब कार्रवाई का दबाव और बढ़ गया है।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.











