अररिया: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026 को लेकर देशभर में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चाएं तेज रहीं। इसी कड़ी में अररिया जिले में भी भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने बजट का सीधा प्रसारण देखा और इसे समावेशी व विकासोन्मुखी बताते हुए सराहा।

जिला भाजपा अध्यक्ष आदित्य नारायण झा, नरपतगंज की विधायक देवयंती यादव और जिला उपाध्यक्ष किरण कुमारी के निजी आवास पर सुबह 11 बजे से बजट प्रस्तुति का लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मौजूद रहे। सभी ने बजट भाषण को गंभीरता से सुना और उसके प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की।
बजट पेश होने के बाद विधायक देवयंती यादव ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने विशेष रूप से किसानों के लिए की गई घोषणा का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत वार्षिक सहायता राशि को 6,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर बात करते हुए विधायक ने कहा कि बजट में SHE Marts (सेल्फ-हेल्प एंटरप्रेन्योर मार्ट्स) जैसी योजनाओं को बढ़ावा दिया गया है, जिससे ग्रामीण और देहाती क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को अपने उत्पादों को बाजार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
इसके साथ ही बजट में पशुधन, मत्स्य पालन और संबद्ध कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इसके अंतर्गत क्रेडिट-लिंक्ड सब्सिडी, फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशंस (FPOs) को सशक्त बनाने और किसानों को बेहतर वित्तीय सहायता देने की योजनाएं शामिल हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर भी बजट में कई अहम घोषणाएं की गई हैं। हर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, अस्पतालों के इमरजेंसी वार्ड्स की क्षमता में वृद्धि, नए चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता और 50 नई स्वास्थ्य सीटों की व्यवस्था जैसे कदम उठाए जाने की बात कही गई है, जिससे आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
विधायक देवयंती यादव ने यह भी कहा कि बजट में पूर्वोत्तर राज्यों पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे क्षेत्रीय संतुलन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने इसे विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम बताया।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय बजट को “समावेशी, जनकल्याणकारी और विकासोन्मुखी” बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की सराहना की। इस सामूहिक आयोजन से अररिया में बजट को लेकर जागरूकता बढ़ी और आम लोगों के बीच इसके सकारात्मक प्रभावों पर चर्चा देखने को मिली।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










