किशनगंज: जिले से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसमें एक 6 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में 16 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पीड़िता की मां के अनुसार, घटना 31 जनवरी 2026 की शाम की है। बच्ची घर के पीछे स्थित बगीचे में खेल रही थी। थोड़ी देर बाद जब वह घर लौटी, तो वह रो रही थी और उसकी तबीयत भी खराब लग रही थी। परिजनों ने शुरू में इसे सामान्य समझते हुए निजी चिकित्सक से जांच कराई, लेकिन बच्ची की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
परिवार ने बताया कि शुरू में बच्ची किसी का नाम नहीं बता पा रही थी। इस वजह से उन्होंने मामले को पंचायत के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया और पुलिस को तुरंत सूचना नहीं दी। बाद में, जब बच्ची अपनी नानी के घर से लौट रही थी, तो उसने एक लड़के की ओर इशारा कर अपनी मां को बताया कि वही उसे घटना स्थल की ओर ले गया था। परिजनों द्वारा पीछा किए जाने पर वह लड़का मौके से फरार हो गया।

बच्ची की तबीयत लगातार बिगड़ने पर परिजन उसे 31 जनवरी को सदर अस्पताल, किशनगंज लेकर पहुंचे। यहां महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष पीड़िता की मां का बयान दर्ज किया गया, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। अस्पताल में बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है और उसे किशोर न्याय अधिनियम के तहत निरुद्ध किया गया है। मामले की जांच नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी और दोषी के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की छानबीन कर रही है।
मामला बेहद संवेदनशील होने के कारण स्थानीय प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और पीड़िता एवं उसके परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










