किशनगंज जिले के बहादुरगंज प्रखंड में खुदाई के दौरान भगवान विष्णु की एक प्राचीन प्रतिमा मिलने से इलाके में उत्सुकता और चर्चा का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह प्रतिमा ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे उसी गांव में स्थापित किया जाना चाहिए जहां यह मिली है। इसी मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों के एक शिष्टमंडल ने जिला पदाधिकारी विशाल राज से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह प्रतिमा बहादुरगंज प्रखंड के सरंडा पंचायत के वार्ड संख्या 13 में मोहम्मद इस्माइल की जमीन पर खुदाई के दौरान मिली थी। ग्रामीणों का कहना है कि यह प्रतिमा लगभग 800 वर्ष पुरानी बताई जा रही है। प्रतिमा मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में इसे देखने के लिए उत्सुकता बढ़ गई थी।

बताया जाता है कि प्रतिमा मिलने के बाद ट्रैक्टर चालक शेखर लाल हरिजन उसे अपने घर ले गया था। हालांकि बाद में प्रशासन को इसकी जानकारी मिली तो अधिकारियों ने प्रतिमा को अपने संरक्षण में ले लिया, ताकि इसकी सुरक्षा और जांच की जा सके।

इसी मुद्दे को लेकर बहादुरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि वशीकुर रहमान के नेतृत्व में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला पदाधिकारी से मिलने पहुंचा। उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि भगवान विष्णु की इस प्राचीन प्रतिमा को गांव में ही स्थापित किया जाए। उनका कहना था कि यदि प्रतिमा को उसी स्थान या आसपास स्थापित किया जाता है तो यह जगह धार्मिक आस्था का केंद्र बनने के साथ-साथ पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित हो सकती है, जिससे क्षेत्र के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष इमाम अली चिंटू ने भी ग्रामीणों की इस मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग वर्षों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ रहते आ रहे हैं। ऐसे में सभी समुदाय के लोग चाहते हैं कि इस प्राचीन प्रतिमा को गांव में स्थापित कर धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के रूप में संरक्षित किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिमा की ऐतिहासिकता को देखते हुए प्रशासन को पुरातत्व विशेषज्ञों से इसकी जांच करानी चाहिए और उसके बाद उचित स्थान पर इसकी स्थापना सुनिश्चित करनी चाहिए। इस मौके पर कांग्रेस नेता सजल साहा सहित कई अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और प्रशासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










