पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का परिणाम आज, 23 मार्च दोपहर 1:30 बजे, आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया। रिजल्ट की घोषणा बोर्ड के अध्यक्ष आनन्द किशोर ने की, जबकि पटना में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने इसे छात्रों के लिए जारी किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर भी मौजूद रहे।

रिजल्ट घोषित होते ही लाखों छात्र-छात्राओं का लंबा इंतजार खत्म हो गया। परीक्षार्थी पिछले कई दिनों से अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। इस वर्ष आर्ट्स संकाय में ठाकुरगंज प्रखंड के पटेसरी पंचायत की छात्रा सना परवीन टॉपर्स लिस्ट में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थी। इसमें विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय के लाखों छात्रों ने भाग लिया। परीक्षा समाप्त होने के बाद कॉपियों का मूल्यांकन तेजी से पूरा किया गया, जिससे रिजल्ट समय पर जारी किया जा सका।

छात्र अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट्स पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपना रोल नंबर और रोल कोड दर्ज करना होगा। इसके साथ ही छात्र अपनी डिजिटल मार्कशीट भी ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं, जो प्रारंभिक उपयोग के लिए मान्य होगी। ओरिजिनल मार्कशीट बाद में संबंधित स्कूलों के माध्यम से वितरित की जाएगी।

हर साल की तरह इस बार भी बिहार बोर्ड ने समयबद्ध तरीके से परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर अपनी कार्यप्रणाली को साबित किया है। बोर्ड की यह कोशिश छात्रों और अभिभावकों के लिए परिणाम प्रक्रिया को सुलभ, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










