बिहार के पूर्णिया जिले से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां दो बच्चों की मां के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। घटना के दौरान महिला को बचाने पहुंचे उसके पिता पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह घटना बायसी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, 23 मार्च की शाम करीब 4 बजे पीड़िता घर से मवेशियों के लिए घास काटने निकली थी। घर लौटते समय गांव के ही एक युवक ने उसे बांस के झुरमुट में पकड़ लिया और जबरन दुष्कर्म की कोशिश की। आरोप है कि आरोपी ने महिला को जमीन पर गिराकर उसके कपड़े फाड़ दिए और उसे अर्धनग्न कर दिया।
महिला के शोर मचाने पर उसके पिता मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी ने पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में आरोपी के परिजन भी लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर पिता पर हमला कर दिया।

हमले में पीड़िता के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। लोहे की रॉड से वार किए जाने के कारण उनका दाहिना हाथ टूट गया और शरीर पर कई जगह चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें पहले बायसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, लेकिन हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उसके गले से चांदी की चेन भी छीन ली गई। इतना ही नहीं, जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि अगली बार मौका मिलने पर दुष्कर्म कर जान से मार देंगे।
घटना के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। इसके बाद पीड़िता ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले में बायसी थाना अध्यक्ष शिव कुमार पासवान ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं लोग कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.









