पूर्णिया में रामनवमी के पावन अवसर पर श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। शहर का कोना-कोना भगवान श्रीराम की भक्ति में डूबा नजर आ रहा है। सड़कों को भगवा पताकों, बैनरों और सजावटी झड़ियों से इस तरह सजाया गया है कि पूरा शहर किसी दुल्हन की तरह सजा हुआ प्रतीत हो रहा है। मंदिरों में रंग-बिरंगे फूलों की आकर्षक सजावट की गई है और हर ओर “जय श्रीराम” के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है।

सुबह से ही विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। भक्ति गीतों, भजन-कीर्तन और अखंड संकीर्तन से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा हुआ है। शहर के प्रमुख मंदिरों—आस्था मंदिर, थाना चौक हनुमान मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, आरएन शॉ चौक महावीर मंदिर, मधुबनी महावीर मंदिर और मनोकामना मंदिर—में विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां दो दिनों तक पूजा-अर्चना, हवन, अखंड राम नाम संकीर्तन और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।

इस वर्ष खीरू चौक रामनवमी का मुख्य आकर्षण बनकर उभरा है। यहां श्री श्री 108 हनुमान समिति द्वारा 24 घंटे का अष्टयाम कीर्तन आयोजित किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में यूपी के चर्चित गायक कुमार अर्जुन अपनी मधुर भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं।
समिति के सदस्य शक्ति सिंह ने बताया कि यह परंपरा पिछले 29 वर्षों से लगातार चली आ रही है और हर साल इसे और भव्य रूप दिया जाता है। इस अवसर पर 1001 किलो शुद्ध घी के लड्डुओं का विशेष भोग लगाया जा रहा है, वहीं दो दिनों तक श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

शहर में कई स्थानों पर भव्य पंडाल बनाए गए हैं, जहां धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों के अलावा बाहर से आए कलाकार भी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे उत्सव का माहौल और भी जीवंत हो गया है।
प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कुल मिलाकर, पूर्णिया में रामनवमी का यह पर्व भक्ति, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का शानदार उदाहरण बनकर सामने आया है।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










