पूर्णिया जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक गंभीर छिनतई और साइबर ठगी की घटना को अंजाम दिया है। बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से 50 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन छीन लिया, वहीं कुछ ही समय में उसके बैंक खाते से 2 लाख 23 हजार रुपये की अवैध निकासी भी कर ली गई। इस घटना में पीड़ित की मां भी घायल हो गईं।

घटना बलुआ चौक के पास की बताई जा रही है। पीड़ित की पहचान मुस्कुरान खान के रूप में हुई है, जो कदगामा रहीकपुर गांव के निवासी हैं। मामले को लेकर साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।
पीड़ित के दामाद मो. सरफराज ने बताया कि मुस्कुरान खान अपनी मां को इलाज के लिए लाइन बाजार स्थित डॉक्टर के पास ले गए थे। इलाज के बाद घर लौटने के दौरान उन्होंने लाइन बाजार चौक स्थित एटीएम से 50 हजार रुपये निकाले और पैसे व मोबाइल को अपनी शर्ट की जेब में रख लिया।

घर लौटते समय जब वे बलुआ चौक के पास पहुंचे, तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में अपराधी उनके करीब आए और झपट्टा मारकर उनकी जेब से नकदी और मोबाइल छीन लिया।
छिनतई के दौरान बाइक पर पीछे बैठी उनकी मां असंतुलित होकर सड़क पर गिर गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। इस बीच बदमाश मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद जब पीड़ित एक साइबर कैफे पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि उनके बैंक खाते से 2.23 लाख रुपये की अवैध निकासी हो चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने मोबाइल के जरिए बैंकिंग जानकारी का दुरुपयोग कर यह रकम उड़ाई।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और साइबर अपराधों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










