किशनगंज, 26 अप्रैल: बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन 27 अप्रैल को एक दिवसीय दौरे पर किशनगंज पहुंचेंगे। इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। खगड़ा हवाई अड्डे से लेकर जिला मुख्यालय तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि राज्यपाल की यात्रा सुचारू और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राज्यपाल सुबह 8:10 बजे पटना से राज्य सरकार के विशेष विमान द्वारा रवाना होंगे और करीब 9:25 बजे किशनगंज स्थित खगड़ा हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। आगमन पर उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इस दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस के उच्च पदाधिकारी उनका स्वागत करेंगे।

हवाई अड्डे से राज्यपाल सीधे जिला प्रशासन कार्यालय जाएंगे, जहां सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में किशनगंज और अररिया जिलों से सटे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा और प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। सीमा पर आवागमन नियंत्रण, तस्करी की रोकथाम, और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषय बैठक के केंद्र में रहेंगे। संबंधित विभागों के अधिकारी अपनी-अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे और जमीनी हालात की जानकारी देंगे।
इसके बाद 12:30 बजे अल्प विश्राम (चाय) का कार्यक्रम निर्धारित है। दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक राज्यपाल सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान क्षेत्र के समग्र विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, तथा सीमावर्ती इलाकों की विशेष समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। राज्यपाल इन मुद्दों पर सुझाव भी प्राप्त करेंगे।

दोपहर 2:30 बजे से 3:30 बजे तक भोजन और विश्राम का समय तय किया गया है। इसके बाद राज्यपाल 3:30 बजे खगड़ा हवाई अड्डे के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां उन्हें पुनः गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। निर्धारित समयानुसार शाम 3:50 बजे वे पटना के लिए रवाना होंगे और लगभग 5:10 बजे बिहार लोक भवन पहुंचेंगे।
राज्यपाल के इस दौरे को प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सीमा सुरक्षा, विकास योजनाओं की समीक्षा और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए यह दौरा अहम साबित हो सकता है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि दौरा सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










