किशनगंज जिले में एक चाय बगान पर जबरन कब्जा करने और रंगदारी मांगने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में दार्जिलिंग निवासी किशन केड़िया ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, संबंधित भूमि उनके परिवार के नाम पर दर्ज है और लंबे समय से वहां चाय बगान संचालित हो रहा है। आरोप है कि हाल ही में जमीन की मापी के बाद कुछ लोग बगान क्षेत्र में पहुंचे और वहां खंभे गाड़कर निर्माण कार्य शुरू करने का प्रयास किया।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने बगान में काम कर रहे मजदूरों और मैनेजर को धमकाया और पांच लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांग पूरी न होने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे और बगान में कामकाज बंद करवा दिया जाएगा।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने स्थानीय थाना और अंचल अधिकारी को लिखित शिकायत दी, लेकिन प्रारंभिक तौर पर मामला दर्ज नहीं किया गया। बाद में जनता दरबार में दोनों पक्षों को बुलाकर सुनवाई की गई, जिसमें अधिकारियों ने जमीन पर संबंधित लोगों के वैधानिक अधिकार न होने की बात कही।

इसके बावजूद पीड़ित का आरोप है कि क्षेत्र में कब्जे की कोशिशें जारी हैं, जिससे बगान में काम करने वाले कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
पीड़ित किशन केड़िया ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और चाय बगान में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है और तथ्यों के सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










