किशनगंज (बिहार): कोचाधामन प्रखंड के तेघरिया गांव स्थित मदरसा टोला में रविवार को एक फ्री मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें 300 से अधिक ग्रामीणों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। यह शिविर फैमिली नर्सिंग होम की ओर से आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य ग्रामीण और गरीब तबके तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना था।

इस मेडिकल कैंप में मरीजों को पूरी तरह मुफ्त जांच, दवा और डॉक्टर परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। गांव के ऐसे कई लोग, जो आर्थिक तंगी या दूरी के कारण शहर जाकर इलाज नहीं करा पाते, उनके लिए यह पहल बेहद राहतभरी साबित हुई।

शिविर में फैमिली नर्सिंग होम के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। इसमें महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नेहा हसन, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर यश हलदर, जनरल फिजिशियन डॉक्टर अक्षय कुमार सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे। डॉक्टरों ने विभिन्न रोगों की जांच कर मरीजों का इलाज किया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी फैलाई।

आयोजन में जनता एक्सप्रेस वेलफेयर फाउंडेशन और सदर अस्पताल, किशनगंज की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने कैंप को सफल बनाने में सहयोग दिया।
शिविर के समापन के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने फैमिली नर्सिंग होम के डायरेक्टर डॉक्टर आमिर मिनहाज का आभार व्यक्त किया और उनकी इस पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने आग्रह किया कि भविष्य में भी इस तरह के मुफ्त स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज मिल सके।

यह मेडिकल कैंप ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










