कटिहार के आजमनगर अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुशहा में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक छात्रा से स्थानांतरण प्रमाण पत्र (TC) देने के बदले कथित रूप से मटन-पुलाव की दावत मांगने का आरोप लगाया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, 8वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद छात्रा साबरी खातून अपने आगे की पढ़ाई के लिए टीसी लेने स्कूल पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान विद्यालय में मौजूद कुछ शिक्षकों ने उससे दावत की मांग की। दबाव में आकर छात्रा ने अपने घर से मटन, मछली, पुलाव और अन्य व्यंजन तैयार करवाकर स्कूल में पहुंचाया।

यह मामला तब सामने आया जब छात्रा ने अपने परिजनों और अन्य छात्रों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल परिसर में इकट्ठा हो गए। लोगों ने इसे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने वाला मामला बताते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का कहना है कि एक गरीब परिवार की छात्रा पर इस तरह का दबाव बनाना पूरी तरह गलत है और शिक्षा के मंदिर की गरिमा के खिलाफ है। वहीं छात्रा ने भी आरोप लगाया कि टीसी देने के लिए मांसाहारी भोजन की शर्त रखी गई थी, जिसके कारण उसे मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ा।

घटना के बाद गांव में अफवाहों का दौर भी शुरू हो गया, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।
सूचना मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सरोज कुमार और थानाध्यक्ष नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










