किशनगंज: कार्यस्थल पर महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन की पहल पर महिला सशक्तिकरण कार्यालय एवं महिला एवं बाल विकास निगम, किशनगंज के तत्वावधान में PoSH Act 2013 को लेकर उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कनकई सभागार, DRDA भवन में हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन अपर समाहर्ता विभागीय जांच बृजेश कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह WCDC की नोडल पदाधिकारी अंकिता सिंह, श्रम अधीक्षक तथा महिला एवं बाल विकास निगम के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में सरकारी एवं निजी संस्थानों, अस्पतालों, विद्यालयों और विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, आंतरिक शिकायत समिति और स्थानीय शिकायत समिति की जिम्मेदारियों के साथ She-Box Portal की जानकारी दी गई। वहीं वन स्टॉप सेंटर, किशनगंज की केंद्र प्रशासक रोशनी परवीन ने PoSH Act 2013 के प्रावधानों और कार्यस्थल पर महिलाओं के अधिकारों के संबंध में जानकारी साझा की। वहीं DHEW के जेंडर स्पेशलिस्ट सुशील कुमार झा ने लैंगिक समानता एवं जेंडर आधारित हिंसा के विषय पर जागरूक किया। जिला मिशन समन्वयक मो. शहनवाज आलम ने आंतरिक एवं स्थानीय शिकायत समितियों तथा She-Box Portal की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी अंकिता सिंह ने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक कार्यस्थल सुनिश्चित करना केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि PoSH Act के प्रति जागरूकता बढ़ाकर ही महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सशक्त किया जा सकता है।

अपर समाहर्ता बृजेश कुमार ने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का लैंगिक उत्पीड़न या भेदभाव स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सभी संस्थानों से PoSH Act के प्रावधानों का पालन करने और शिकायत समितियों को प्रभावी रूप से सक्रिय रखने की अपील की।
कार्यक्रम में शामिल प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से संस्थानों को कानून की जानकारी मिलने के साथ महिलाओं के लिए सुरक्षित और सकारात्मक कार्य वातावरण तैयार करने में भी मदद मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रोशनी परवीन ने सभी पदाधिकारियों, विशेषज्ञों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।












