किशनगंज जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। लाइन मस्जिद के पास स्थित एक मकान के अंदर बच्ची का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान वार्ड नंबर-1 मोहिउद्दीनपुर निवासी सानिया परवीन के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सानिया अपनी मां शाहीन परवीन के साथ मकान की सफाई करने गई थी। बताया जा रहा है कि मकान की मालकिन पिछले चार महीने से बाहर थीं और अगले दिन लौटने वाली थीं, जिसके चलते उन्होंने मां-बेटी को घर की साफ-सफाई के लिए बुलाया था।

मृतका की मां शाहीन परवीन ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 9 बजे वह अपनी बेटी के साथ मकान साफ करने पहुंची थीं। इसी दौरान वह किसी काम से बाहर चली गईं। जाने से पहले सानिया ने अपनी मां से भूख लगने की बात कही और उन्हें मकान में ताला लगाकर जाने को कहा। इसके बाद शाहीन परवीन ने मुख्य गेट पर ताला लगाया और बाहर चली गईं।
कुछ देर बाद जब वह वापस लौटीं और ताला खोलकर अंदर गईं, तो उन्होंने अपनी बेटी को फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखकर वह जोर-जोर से रोने लगीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बच्ची का शव नीचे उतारा।

स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
वार्ड नंबर-16 के मुखिया अंजार आलम ने बताया कि सानिया काफी समय से इसी मकान में सफाई का काम कर रही थी। वहीं वार्ड नंबर-1 के मुखिया जमशेद आलम ने भी पुष्टि की कि मां-बेटी पेशे से सफाई कर्मी थीं और आसपास के कई घरों में काम करती थीं।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर एंगल से घटना की पड़ताल कर रही है, जिसमें यह भी देखा जा रहा है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.









