पटना में वैलेंटाइन डे के अवसर पर हिंदू शिव भवानी सेना ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बुद्धा स्मृति पार्क में पहुंचे कपल्स को संगठन के कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा वितरित की। कई जोड़ों के हाथ छुड़ाकर उन्हें हनुमान चालीसा दी गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष लव कुमार शिव रुद्र ने कहा, “भारत की संस्कृति में वैलेंटाइन डे का कहीं कोई उल्लेख नहीं है। अगर कोई समाज में अश्लीलता फैलाने की कोशिश करेगा, तो हम चुप नहीं बैठेंगे। समाज में लव जिहाद फैलाने की कोशिश होगी तो उसका जवाब दिया जाएगा। हम पार्कों में जा रहे हैं और बिहार के सभी सार्वजनिक स्थानों पर नजर बनाए हुए हैं।”

इसके अलावा, संगठन ने शहर के विभिन्न इलाकों में पोस्टर भी लगाए। पोस्टरों पर लिखा था: ‘जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना कोना।’ साथ ही, ‘वैलेटाइन डे इस दिन बाबू-सोना नहीं, पुलवामा के शहीदों को नमन दिवस’ जैसी चेतावनी भी दी गई। पोस्टरों में यह दावा किया गया कि वैलेंटाइन डे और वैलेंटाइन वीक भारतीय संस्कृति के खिलाफ हैं और इससे समाज में अश्लीलता बढ़ती है।

संगठन ने प्रशासन से अपील की है कि पार्क, कॉलेज परिसर और अन्य सार्वजनिक जगहों पर निगरानी बढ़ाई जाए। शहर में धमकी भरे पोस्टरों के सामने आने के बाद माहौल गरमाया और पुलिस तथा प्रशासन अलर्ट मोड में आ गए।
पटना पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी संगठन या व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सार्वजनिक जगहों पर लोगों को परेशान करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है।

इस घटना के बाद शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने पार्कों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर अतिरिक्त गश्त शुरू कर दी है। वहीं, नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी अप्रिय घटना या संघर्ष से बचें और शांति बनाए रखें।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










