किशनगंज शहर के बस स्टैंड के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लाई से लदे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या WB-73-D-4023 पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर से प्लाई लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। ट्रक में चालक समेत कुल छह लोग सवार थे। जैसे ही ट्रक किशनगंज बस स्टैंड के पास पहुंचा, उसके पिछले हिस्से से अचानक घना धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और तुरंत ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना के बाद NH-27 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। आग की लपटें और उठता धुआं दूर तक दिखाई देता रहा। स्थानीय लोग, राहगीर और परिवहन विभाग के कर्मियों ने बाल्टी और अन्य संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।

सूचना मिलने के लगभग आधे घंटे बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस हादसे में ट्रक का पिछला हिस्सा और उस पर लदी पूरी प्लाई जलकर राख हो गई, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने इस घटना को सड़क सुरक्षा और वाहनों की नियमित तकनीकी जांच में लापरवाही का नतीजा बताया है। उन्होंने वाहन मालिकों से अपील की है कि समय-समय पर वाहनों के इलेक्ट्रिक सिस्टम की जांच कराई जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










