पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद जिले में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में सोमवार को शहर के पश्चिम पल्ली क्षेत्र में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता जिला परिषद सदस्य नासिक नदीर की अगुआई में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन करने पहुंचे।

सूत्रों के अनुसार, यह पुतला दहन कार्यक्रम पूर्व से निर्धारित था। इसे देखते हुए पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था की। जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन के लिए आगे बढ़े, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुतला जब्त कर लिया।
जिला परिषद सदस्य नासिक नदीर ने कहा कि “पप्पू यादव के ऊपर अत्याचार किया गया है और इसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। जनता के अधिकारों और सांसद की गरिमा की रक्षा के लिए यह प्रदर्शन किया गया।”

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौतम कुमार ने बताया कि “कार्यकर्ता पुतला दहन करने आए थे, जिसे नहीं करने दिया गया। वीडियो फुटेज के आधार पर सभी के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।”

इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता सरफराज आलम उर्फ रिंकू, इम्तियाज नसर और अन्य कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पप्पू यादव की गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया।
गौरतलब है कि पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को 31 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। उनके समर्थन में यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस द्वारा आयोजित किया गया था।
इस घटना ने पूर्णिया जिले में राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है। पुलिस ने अब इलाके में निगरानी बढ़ा दी है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.









