किशनगंज (बिहार): कोचाधामन प्रखंड के मोहरमारी चौक पर अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को स्थानीय ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि फोर लेन सड़क बनने के बाद इस क्षेत्र में आवागमन तो आसान हुआ है, लेकिन अंडरपास की सुविधा नहीं होने से रोजाना लोगों, खासकर स्कूली बच्चों, को सड़क पार करने में गंभीर खतरा बना रहता है।

प्रदर्शन के दौरान जिला परिषद क्षेत्र संख्या-10 के प्रतिनिधि इंजीनियर नासिक नादिर भी ग्रामीणों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए सीधे सांसद को ज्ञापन सौंपा और मोहरमारी चौक पर जल्द से जल्द अंडरपास निर्माण की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि व्यस्त फोर लेन सड़क पर लगातार वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्कूल जाने वाले बच्चों और स्थानीय लोगों को जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ती है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

इंजीनियर नासिक नादिर ने इस मौके पर चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द अंडरपास निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो ग्रामीण सड़क जाम, चक्का जाम और बड़े पैमाने पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
उन्होंने इस मुद्दे को लेकर जिला पदाधिकारी विशाल राज से भी मुलाकात की और उन्हें विस्तृत आवेदन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि जन सुरक्षा को देखते हुए इस स्थान पर प्राथमिकता के आधार पर अंडरपास का निर्माण कराया जाए।

इस आंदोलन के बाद अब प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर इस समस्या के समाधान को लेकर दबाव बढ़ गया है, जबकि स्थानीय लोग जल्द ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










