किशनगंज। सीमांचल के किशनगंज जिले के लिए यह क्षण गर्व, सम्मान और प्रेरणा से भरा हुआ है। जिले के निवासी अमर कुमार झा को देश की सबसे बड़ी परिवहन संस्था भारतीय रेलवे द्वारा वर्ष 2025 का 70वां विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें उनकी ईमानदार सेवा, उत्कृष्ट कार्यक्षमता और अनुकरणीय समर्पण के लिए दिया गया है।

अमर कुमार झा, किशनगंज के सेवानिवृत्त एवं सम्मानित शिक्षक पंडित जगरनाथ झा के बड़े पुत्र हैं। शिक्षा, संस्कार और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण पारिवारिक वातावरण में पले-बढ़े अमर कुमार झा ने अपने पिता के आदर्शों को न केवल जीवन में अपनाया, बल्कि अपनी सेवा में भी उन्हें साकार किया। वर्तमान में वे उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में सहायक परिचालन प्रबंधक (Assistant Operations Manager) के महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत हैं।

रेलवे का परिचालन विभाग व्यवस्था की रीढ़ माना जाता है, जहां ट्रेनों की समयबद्धता, यात्रियों की सुरक्षा और संसाधनों का कुशल प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौतियाँ होती हैं। अमर कुमार झा ने अपने कार्यकाल के दौरान इन चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करते हुए 96 प्रतिशत स्ट्राइक रेट के साथ परिचालन दक्षता में उल्लेखनीय सुधार किया है। आपातकालीन परिस्थितियों में उनके त्वरित और सटीक निर्णय, सुरक्षा मानकों को मजबूत करने की पहल तथा पारदर्शी कार्यशैली ने उन्हें रेलवे प्रशासन में एक विशिष्ट पहचान दिलाई।

इस उपलब्धि को और भी खास बनाता है उनका सामाजिक रूप से सक्रिय परिवार। अमर कुमार झा के छोटे भाई सुशील कुमार झा किशनगंज जिले में जेंडर स्पेशलिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। वे जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन (DHEW) में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जो महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत संचालित है। महिला सशक्तिकरण, जेंडर समानता और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके कार्य को जिले में विशेष सराहना मिल रही है।

एक ही पिता के दो पुत्रों द्वारा रेलवे प्रशासन और सामाजिक सशक्तिकरण जैसे दो महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देना पूरे किशनगंज जिले के लिए गर्व की बात है। अमर कुमार झा को यह सम्मान मिलने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। उनके पिता पंडित जगरनाथ झा, छोटे भाई सुशील कुमार झा सहित सभी परिजनों को शुभचिंतकों, मित्रों और स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं।
इस अवसर पर श्री त्रिलोक चंद जैन, श्री जुगलकिशोर तोशनीवाल, श्री संतोष दुबे, श्री संजय जैन, परवेज़ आलम सहित कई गणमान्य लोगों ने अमर कुमार झा को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्य से न केवल रेलवे को बल्कि पूरे सीमांचल क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
अमर कुमार झा को मिला यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि किशनगंज, सीमांचल और पूरे बिहार के लिए गौरव का प्रतीक है। साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर ईमानदारी, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर देश के प्रतिष्ठित पुरस्कार तक पहुंचना निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.











