अररिया। शहर के महादेव चौक स्थित टाटा मोटर्स के कोशी कार्स शोरूम में हुई बड़ी चोरी की घटना में पुलिस को आंशिक सफलता मिली है। चोरी हुई दो नेक्सॉन कारों में से एक को अररिया पुलिस ने चार दिन बाद पूर्णिया जिले से बरामद कर लिया है। हालांकि, इस मामले में शामिल आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

जानकारी के अनुसार, बरामद की गई कार पूर्णिया जिले के डंगराहा ओपी थाना क्षेत्र के समीप एक ग्रामीण सड़क किनारे लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस का मानना है कि लगातार बढ़ते दबाव के कारण चोर वाहन को छोड़कर फरार हो गए।

अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने स्वयं शोरूम पहुंचकर निरीक्षण किया था। इसके बाद मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय इनपुट और अन्य सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी और जांच की, जिसके परिणामस्वरूप चोरी की गई एक कार को बरामद किया जा सका।
एसपी ने कहा कि शेष वाहन की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि चोरी के दौरान अपराधियों ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले लिया था, ताकि कोई डिजिटल साक्ष्य न बचे। इसके बावजूद पुलिस ने अन्य तकनीकी माध्यमों और खुफिया जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।

सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम ने क्षेत्र में दबिश बढ़ाई, जिसके चलते चोरों ने एक नेक्सॉन कार को डगरूआ क्षेत्र के पास छोड़ दिया। बरामद वाहन को कब्जे में लेकर स्थानीय थाना को सूचित किया गया और बाद में इसे अररिया थाना लाया गया।
यह पूरी घटना 17 फरवरी की देर रात की है, जब अज्ञात चोरों ने शोरूम का शटर तोड़कर दो नेक्सॉन कारें चोरी कर ली थीं। फिलहाल पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में जुटी है और शेष वाहन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चला रही है।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










