किशनगंज: बुधवार शाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह किशनगंज पहुंचे। उनका स्वागत डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया। अमित शाह बुधवार शाम 4:30 बजे पूर्णिया हवाई अड्डे पर उतरे और लगभग 10 मिनट बाद किशनगंज पहुंचे।

मिर्ची सभागार में केंद्रीय गृह मंत्री ने जिला प्रशासन, एसएसबी और बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक का मुख्य एजेंडा भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था, घुसपैठ की रोकथाम, संवेदनशील सीमावर्ती जिलों में निगरानी और प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित करना था।
इस तीन दिवसीय दौरे का फोकस मुख्य रूप से किशनगंज, अररिया और पूर्णिया जिलों पर है, जो भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे हैं और सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माने जाते हैं। अमित शाह इस दौरान सीमा से जुड़े मुद्दों, विकास योजनाओं और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।

बैठकों के बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने मंत्री दिलीप जायसवाल के आवास पर दूसरी बैठक भी की। पहले दिन की बैठकों के बाद अमित शाह गुजरी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज परिसर में रात्रि विश्राम करेंगे।
दूसरे दिन, 26 फरवरी को गृह मंत्री भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे और इसके बाद अररिया के लिए रवाना होंगे। यह अमित शाह की चार वर्षों बाद पहली आधिकारिक यात्रा है।

इसके अलावा अमित शाह ‘वाइब्रेंट विलेज’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, जिसमें ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और नागरिक कल्याण से जुड़े पहलुओं पर चर्चा होगी।
इस दौरे के दौरान अधिकारियों का उद्देश्य सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारी को मजबूत करना और स्थानीय विकास योजनाओं की निगरानी सुनिश्चित करना है।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










