अररिया के अनुमंडल कार्यालय में बुधवार को होली और रमजान को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण रूप से मनाने के लिए एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) बलबीर दास ने की। इसका मुख्य उद्देश्य दोनों त्योहारों के दौरान जिले में किसी भी प्रकार की अशांति या तनाव को रोकना था।

बैठक में एसडीपीओ सुशील कुमार, डीसीएलआर एस. प्रतिक, सीओ अजय कुमार, नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार और नगर परिषद के ईओ चंद्रराज प्रकाश सहित पुलिस, प्रशासनिक और स्थानीय निकायों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा उपमुख्य पार्षद, सद्भावना मंच के प्रतिनिधि और विभिन्न वार्ड पार्षदों ने भी भाग लिया। सभी उपस्थित लोगों ने त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखने का संकल्प लिया।
एसडीओ बलबीर दास ने बैठक में कहा कि होली प्रेम और एकता का प्रतीक है, जबकि रमजान आत्मसंयम और आध्यात्मिक शुद्धि का महीना है। दोनों पर्व एक साथ आने वाले हैं, इसलिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी व्यक्ति या समूह द्वारा शांति भंग करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एसडीपीओ सुशील कुमार ने पुलिस की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई जाएगी, ड्रोन निगरानी की जाएगी और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी उकसावे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों को तुरंत पुलिस को सूचित करें।
बैठक में सद्भावना मंच और धर्मगुरुओं ने अररिया की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने पर जोर दिया और कहा कि यह सदियों पुरानी संस्कृति है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वार्ड पार्षदों ने स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक करने का भरोसा दिया।

प्रशासन ने नागरिकों से विशेष अनुरोध किया कि होली पर रंगों का प्रयोग संयम से करें और हानिकारक रासायनिक रंगों से बचें। रमजान के दौरान रोजेदारों का सम्मान बनाए रखें और किसी भी प्रकार के लाउडस्पीकर का इस्तेमाल केवल निर्धारित समय सीमा में ही करें।
इस बैठक के माध्यम से प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया कि अररिया जिले में होली और रमजान के दौरान शांति और सौहार्द्र बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, और किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.











