पटना: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजधानी पटना स्थित ज्ञान भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए किशनगंज की बेटी रोशनी परवीन को ‘बिहार अपराजिता सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के साथ रोशनी परवीन ने न केवल अपने जिले बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।

कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री रमा निषाद, समाज कल्याण विभाग के मंत्री मदन सहनी तथा समाज कल्याण विभाग की सचिव वंदना प्रेयसी (आईएएस) के हाथों रोशनी परवीन को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में राज्य के विभिन्न जिलों से आई कई महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया, जिनमें रोशनी परवीन का नाम प्रमुख रूप से शामिल रहा।
रोशनी परवीन वर्तमान में किशनगंज के वन स्टॉप सेंटर (महिला हेल्पलाइन) में सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर के पद पर कार्यरत हैं। वह लंबे समय से सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, महिला जागरूकता और बाल विवाह रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर लगातार काम कर रही हैं। उनके प्रयासों से कई महिलाओं को सहायता और न्याय मिलने में मदद मिली है।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहल की भी घोषणा की गई। इस दौरान बिहार शक्ति पोर्टल का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं और सहायता सेवाओं से जोड़ना है। साथ ही महिलाओं की सुरक्षित यात्रा को ध्यान में रखते हुए पिंक बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई। इसके अलावा राज्य के विभिन्न जिलों में महिलाओं की सहायता के लिए नए वन स्टॉप सेंटर शुरू करने की घोषणा भी की गई।

सम्मान प्राप्त करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए रोशनी परवीन ने इसे अपने लिए गर्व और जिम्मेदारी का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं बल्कि उन सभी लोगों के प्रयासों की पहचान है जो समाज में महिलाओं और बेटियों के अधिकारों के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

इस अवसर पर उन्होंने समाज कल्याण विभाग की सचिव वंदना प्रेयसी सहित महिला एवं बाल विकास निगम (WCDC) की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। साथ ही यूनिसेफ की चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर गार्गी शाह और चाइल्ड प्रोटेक्शन स्पेशलिस्ट बांकु बिहारी सरकार समेत सभी सहयोगियों को धन्यवाद दिया, जिनके सहयोग से वे समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ा पा रही हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न जिलों से आई महिलाएं मौजूद रहीं। समारोह का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और समाज में उनके योगदान को सम्मानित करना था।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










