बिहार के कटिहार जिले में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के बाद हालात अचानक बेकाबू हो गए। फलका थाना क्षेत्र में आक्रोशित भीड़ ने थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई। गुस्साए लोगों ने थाने में जमकर तोड़फोड़ की और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हालात इतने बिगड़ गए कि कई पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर मौके से भागना पड़ा। कुछ पुलिसकर्मी पास के खेतों की ओर भागते नजर आए। इस दौरान महिला सिपाहियों को भी भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा। पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कटिहार के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी रवि कुमार राय और जांच अधिकारी कुंदन पटेल को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, फलका थाना क्षेत्र के गोपालपट्टी निवासी राकेश कुमार यादव को 2 अप्रैल की रात मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था। शनिवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा।

पुलिस का कहना है कि युवक ने थाने में आत्महत्या का प्रयास किया था। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि, इस दावे को मृतक के परिजनों ने सिरे से खारिज कर दिया है।
परिजनों का आरोप है कि राकेश को बेवजह हिरासत में लिया गया और रातभर थाने में उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। उनका यह भी कहना है कि जिस व्यक्ति की बाइक चोरी हुई थी, उसने राकेश को पहचानने से इनकार कर दिया था, इसके बावजूद पुलिस ने उसे नहीं छोड़ा। परिवार के मुताबिक, पुलिसकर्मी उससे जबरन जुर्म कबूल करवाने के लिए मारपीट कर रहे थे, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और इलाके में शांति बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.









