किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड अंतर्गत शीतलपुर पंचायत में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। बालू से लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मैनुल हक के रूप में हुई है। वे अपनी 6 वर्षीय नातिन अरसिफा और साथी जलालुद्दीन के साथ इलाज के लिए इस्लामपुर जा रहे थे। अरसिफा का हाथ पहले से टूटा हुआ था, जिसके उपचार के लिए वे सुबह करीब 8 बजे घर से निकले थे। जैसे ही वे शीतलपुर चौक के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैनुल हक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और ट्रैक्टर उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल अरसिफा और जलालुद्दीन को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जलालुद्दीन की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें किशनगंज के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ट्रैक्टर चालक बालू माफिया से जुड़ा हुआ था और पुलिस से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार से भाग रहा था। बताया जा रहा है कि 112 नंबर की पुलिस गाड़ी को देखकर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ।

हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने बल्दियाहाट सड़क को जाम कर दिया और आगजनी करते हुए प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बालू माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, साथ ही मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने की भी मांग उठाई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की जा रही है ताकि स्थिति सामान्य हो सके।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर अवैध बालू खनन और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोग लंबे समय से इस क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन और लापरवाह ड्राइविंग के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे हैं, लेकिन ठोस कदमों की कमी के कारण ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.









