किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड में महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित संकल्प: जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन (DHEW) के तहत सोमवार को दस दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस आयोजन में प्रखंड विकास पदाधिकारी के सहयोग से विभिन्न विभागों ने भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रोशनी परवीन ने महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, 2005, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन कानूनों की जानकारी होना महिलाओं के लिए बेहद जरूरी है।

इस दौरान जिला मिशन समन्वयक मोहम्मद शहबाज आलम ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कानूनी जागरूकता अनिवार्य है। उन्होंने महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 181 और जिले में संचालित वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही, केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी साझा करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर महिलाएं सीधे DHEW कार्यालय से संपर्क कर सकती हैं।

जागरूकता अभियान में स्वास्थ्य विभाग के BHM, BCM, ANM, आईसीडीएस की महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनवाड़ी सेविकाएं और ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।












