किशनगंज जिले के ठाकुरगंज इलाके में एक कथित फाइनेंस कंपनी पर महिलाओं से ठगी करने का गंभीर मामला सामने आया है। जिलेबिया मोड़ स्थित कंपनी के कार्यालय में गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया, जब दर्जनों महिलाएं अपने पैसे वापस मांगने पहुंचीं। महिलाओं का आरोप है कि आसान शर्तों पर लोन दिलाने का झांसा देकर उनसे हजारों रुपये वसूले गए और बाद में कंपनी अचानक बंद कर फरार हो गई।

पीड़ित महिलाओं के अनुसार, कंपनी के कर्मचारियों ने भरोसा दिलाया था कि बेहद सरल प्रक्रिया के तहत उन्हें लोन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए महिलाओं से विभिन्न प्रकार के शुल्क के नाम पर पैसे जमा कराए गए। कई दिनों तक लगातार आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन न तो लोन मिला और न ही जमा की गई राशि वापस की गई।

महिलाओं ने बताया कि 3 मई को रंजीत सिंह नाम के व्यक्ति ने 11 महिलाओं से दस्तावेज लिए थे और 7 मई को सिविल जांच के बाद लोन जारी करने का आश्वासन दिया था। इसके अलावा, सिलाई मशीन और वॉशिंग मशीन जैसे ऑफर दिखाकर प्रत्येक महिला से करीब 6,000 रुपये जमा कराए गए। उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि उसी दिन रात तक उनके बैंक खातों में लोन की राशि पहुंच जाएगी।
लेकिन जब अगले दिन महिलाओं ने संपर्क करने की कोशिश की तो रंजीत सिंह का मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद कंपनी का कार्यालय भी खाली पाया गया और सभी कर्मचारी मौके से गायब थे। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और महिलाओं में भारी आक्रोश फैल गया।

पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उन्होंने आर्थिक तंगी के बावजूद उधार लेकर पैसे जमा किए थे। अब वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों और पीड़ित महिलाओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई गई है।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










