पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने अपना चुनावी घोषणापत्र (संकल्प पत्र) जारी किया। इस बार के घोषणापत्र में रोजगार, महिलाओं का सशक्तिकरण और शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है।

एनडीए ने घोषणापत्र में 1 करोड़ नौकरियों का वादा किया है। इसके अलावा, महिलाओं के लिए 2 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद और 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। गरीब परिवारों के बच्चों के लिए KG से लेकर PG तक मुफ्त शिक्षा की सुविधा भी देने का एलान किया गया है।

सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से भी घोषणापत्र में महत्व रखा गया है। इसमें मां जानकी के मंदिर को अगले 5 साल में पूरा करने और इलाके को ‘सीतापुरम’ के रूप में विकसित करने का आश्वासन दिया गया है। वहीं, बिहार के चार शहरों में मेट्रो सेवा शुरू करने की भी घोषणा की गई है।

पटना के होटल मौर्या में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री और HAM(S) नेता जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री और LJP-रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान और RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा मौजूद थे। घोषणापत्र जारी करने के बाद वरिष्ठ नेता तत्काल अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के लिए निकल गए। मंच से घोषणा की गई कि अब सभी नेता अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार करेंगे।

इस दौरान मीडिया को संकल्प पत्र की पूरी जानकारी केवल उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ही दी। कार्यक्रम के दौरान यह भी देखा गया कि संकल्प पत्र जारी होने के मात्र 2 मिनट में ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जेपी नड्डा, चिराग पासवान और जीतन राम मांझी कार्यक्रम स्थल से चले गए।
इस पर कांग्रेस ने तंज कसा है। पार्टी के सीनियर नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, “आज इतिहास रच दिया गया है। नीतीश कुमार और जेपी नड्डा प्रेस कॉन्फ्रेंस में थे और 26 सेकेंड के भीतर चले गए। उनके उपमुख्यमंत्री ने बाद में घोषणापत्र पढ़ा। इसका मतलब है कि उन्हें अपने घोषणापत्र पर विश्वास नहीं है। इन वादों पर जनता खुद निर्णय लेगी।”
विशेषज्ञों का मानना है कि इस संकल्प पत्र में रोजगार, महिलाओं और शिक्षा पर जोर देने के बावजूद कांग्रेस का यह तंज राजनीतिक बहस को तेज कर सकता है। बिहार विधानसभा चुनाव में यह घोषणापत्र एनडीए की चुनावी रणनीति का मुख्य हिस्सा माना जा रहा है।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.
 
								 
								 
				










