जन सुराज पार्टी के प्रदेश संगठन महासचिव सुभाष कुशवाहा ने बुधवार को किशनगंज का दौरा किया। वे बिहार के विभिन्न अनुमंडलों में पार्टी संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से निरंतर क्षेत्रीय दौरे कर रहे हैं। किशनगंज पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर ज़िला अध्यक्ष प्रो. मुशविर आलम की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें सदर अनुमंडल से आए 200 से अधिक कार्यकर्ताओं और ज़िला संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।

‘जन सुराज जनता का सशक्त विकल्प’
प्रेस वार्ता के दौरान सुभाष कुशवाहा ने कहा कि जन सुराज पार्टी बिहार के लोगों के लिए एक मजबूत और व्यावहारिक राजनीतिक विकल्प बनकर उभर रही है। उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य फोकस शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास पर है। पार्टी की नीति और सोच को हम घर-घर पहुंचा रहे हैं।”

चुनाव की तैयारी और बूथ कमेटियों को मजबूत करने पर जोर
कुशवाहा ने आगामी चुनावों के मद्देनजर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर आम जनता से संवाद करना चाहिए और उन्हें जातिवाद और संकीर्ण राजनीति से ऊपर उठकर मुद्दों के आधार पर मतदान करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
बैठक में ज़िला प्रभारी डॉ. विजय, ज़िला प्रवक्ता निहाल अख्तर, अभियान समिति संयोजक तारिक अनवर, अनुमंडल अध्यक्ष मुबारक हुसैन, महासचिव अशफाक आलम, महिला अध्यक्ष चंदा देवी और युवा अध्यक्ष सुशील शर्मा समेत कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में यह संकल्प लिया गया कि जन सुराज पार्टी बिहार में बदलाव की दिशा में एक नई शुरुआत करेगी और हर नागरिक तक विकास और न्याय की आवाज पहुंचाएगी।
अधिक ताजा खबरों के लिए Jeb News पढ़ें |