कटिहार जिले के कुर्सेला क्षेत्र में कौवों की रहस्यमयी मौत का सिलसिला लगातार जारी है। पहले पंचायत क्षेत्रों में सामने आए मामलों के बाद अब कुर्सेला नगर पंचायत इलाके में भी मृत कौवे मिलने से लोगों में दहशत फैल गई है। प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सतर्क हो गया है।

सोमवार को कुर्सेला थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेट हाईवे 77 के किनारे स्थित ओम शांति धर्म कांटा के पास नगर पंचायत वार्ड संख्या एक में लगभग आधा दर्जन कौवे मृत अवस्था में पाए गए। सड़क किनारे कौवों के शव देखे जाने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सभी मृत कौवों को एकत्र कर सुरक्षा मानकों के तहत गड्ढा खोदकर दफनाया। संभावित संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए उस पूरे इलाके में रसायनों का छिड़काव भी कराया गया।

स्थानीय निवासी पलक कुमार ने बताया कि सुबह घर की सफाई के दौरान उन्होंने एक कौवे को जमीन पर गिरा हुआ देखा। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद ठंड के कारण ऐसा हुआ हो, लेकिन जब दो दिन पहले महेशपुर और उत्तरी मुरादपुर पंचायत में बड़ी संख्या में कौवों की मौत की खबर सामने आई, तो उन्होंने तुरंत पशु चिकित्सा विभाग को इसकी जानकारी दी।
गौरतलब है कि इससे पहले कुर्सेला प्रखंड की उत्तरी मुरादपुर पंचायत स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र के पीछे बांसबाड़ी इलाके में सैकड़ों कौवे मृत पाए गए थे। उस दौरान प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे थे और सभी मृत कौवों को सुरक्षित तरीके से गड्ढा खोदकर डिस्पोज कराया गया था। उन कौवों के सैंपल भी जांच के लिए पटना भेजे गए थे।

लगातार हो रही कौवों की मौत ने क्षेत्र में बर्ड फ्लू या किसी अन्य संक्रामक बीमारी की आशंका को और गहरा कर दिया है, हालांकि अभी तक किसी बीमारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पशु चिकित्सा विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मृत पक्षियों को हाथ न लगाएं और ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत संबंधित विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें। साथ ही, सतर्कता बरतने और अफवाहों से बचने की सलाह भी दी गई है।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










