बिहार के किशनगंज स्थित व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को पूरे जिले में हड़कंप की स्थिति बन गई। अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए एक ईमेल में दावा किया गया कि न्यायालय परिसर के विभिन्न हिस्सों में विस्फोटक सामग्री रखी गई है, जिसे रिमोट के जरिए कभी भी विस्फोट किया जा सकता है।
ईमेल में कथित तौर पर जज चैंबर, वॉशरूम और अन्य संवेदनशील स्थानों पर आरडीएक्स जैसे शक्तिशाली विस्फोटक लगाए जाने का जिक्र किया गया। यह सूचना मिलते ही न्यायालय प्रशासन ने तुरंत पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं।

कोर्ट परिसर खाली कराया गया
एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को तत्काल खाली कराया गया। उस समय कोर्ट में मौजूद न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, कर्मचारी और वादकारी पक्षों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ समय के लिए अदालत की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई।
इसके बाद बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड की टीमों को बुलाया गया। टीमों ने कोर्ट परिसर के हर हिस्से की गहन जांच की। न्यायालय भवन, चैंबर, रिकॉर्ड रूम, शौचालय और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से तलाशी ली गई।

सीमावर्ती जिला होने से बढ़ी संवेदनशीलता
किशनगंज बिहार का एक सीमावर्ती जिला है, जो पश्चिम बंगाल की सीमा से सटा हुआ है। सुरक्षा की दृष्टि से यह क्षेत्र पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। धमकी के मद्देनजर पुलिस ने न्यायालय के दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों पर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। कोर्ट में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की तलाशी ली जा रही है।
इसके अलावा, बिहार-बंगाल सीमा पर भी वाहनों की जांच तेज कर दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

जांच में जुटी साइबर टीम
पुलिस ने ईमेल की सत्यता और स्रोत की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरा मेल किस आईपी एड्रेस या लोकेशन से भेजा गया। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही भेजने वाले की पहचान की जाएगी।

प्रशासन की अपील
पुलिस अधीक्षक (एसपी) और जिला प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है और पूरी स्थिति नियंत्रण में है। साथ ही लोगों से अनुरोध किया गया है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
फिलहाल, न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.









