किशनगंज में पुलिस विभाग एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते चर्चा में है। हाल ही में करोड़पति SDPO मामले के बाद अब टाउन थाना प्रभारी अभिषेक रंजन आर्थिक अपराध इकाई (EOU) के निशाने पर आ गए हैं। मंगलवार सुबह EOU की टीम ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

पांच ठिकानों पर एक साथ रेड
मंगलवार सुबह करीब 8 बजे EOU की 9 सदस्यीय टीम चार गाड़ियों में किशनगंज पहुंची। टीम ने थाना से लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित अभिषेक रंजन के सरकारी आवास और चेंबर में छापेमारी शुरू की। इस टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल थी। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की।
पटना और छपरा में भी दबिश
किशनगंज के अलावा पटना और सारण जिले (छपरा) में भी एक साथ रेड की गई। पटना के रामकृष्णा नगर स्थित देवनगर कॉलोनी में DSP सीपी यादव के नेतृत्व में टीम ने एक मकान पर छापा मारा, जिसे अभिषेक रंजन की संपत्ति बताया जा रहा है। हालांकि, मौके पर उनके परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं मिला।
वहीं सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के पैतृक गांव पैगा में भी EOU की टीम ने तलाशी अभियान चलाया। यहां भी जमीन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज खंगाले गए।

आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज
EOU ने अभिषेक रंजन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया है। जांच में अब तक लगभग 1 करोड़ 70 लाख 22 हजार रुपये की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, विभागीय कार्रवाई के तहत उन्हें उनके पद से हटा दिया गया है।
माफिया से साठगांठ के भी आरोप
जांच के दौरान अभिषेक रंजन के ड्राइवर हरेंद्र से भी पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, कुछ आपराधिक तत्वों और माफिया के साथ उनकी कथित साठगांठ के संकेत भी मिले हैं, जिसकी गहन जांच जारी है।
सेवा इतिहास और संपत्तियां
अभिषेक रंजन ने वर्ष 2009 में दारोगा के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। दिसंबर 2024 में उन्होंने किशनगंज सदर थाना का प्रभार संभाला था। इससे पहले वे बहादुरगंज समेत कई अन्य थानों में तैनात रह चुके हैं। जांच में पटना के शाहपुर, गोपालपुर और गौरीचक क्षेत्रों में भी उनकी संपत्तियों की जानकारी सामने आई है।
लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई से विभाग में हलचल
गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 31 मार्च को पूर्व SDPO गौतम कुमार के आवास पर भी EOU ने छापेमारी की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले के पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और कई अधिकारियों पर निगाहें टिकी हुई हैं।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










