भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के कटिहार दौरे पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। संजय सरावगी रविवार को कटिहार जिले के कुर्सेला प्रखंड स्थित प्रसिद्ध त्रिमोहिनी संगम पहुंचे, जहां भाजपा युवा मोर्चा, जिला कटिहार की ओर से उनके स्वागत में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, युवा मोर्चा के पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक अंदाज में फूल-मालाओं से प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया और भाजपा के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। इस दौरान युवाओं में संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का जोश साफ दिखाई दिया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने संगठनात्मक एकता, अनुशासन और युवाओं की भूमिका को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की मजबूती उसके निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ताओं पर टिकी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि युवा मोर्चा पार्टी की रीढ़ की हड्डी है, जो संगठन को ऊर्जा और दिशा प्रदान करता है।

संजय सरावगी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाएं और बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युवाओं की सक्रिय भागीदारी से पार्टी और भी सशक्त होकर उभरेगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष कटिहार मनोज राय ने भी प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संजय सरावगी के नेतृत्व में भाजपा संगठन जिले में लगातार मजबूती की ओर बढ़ रहा है और कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा है।
वहीं भाजपा युवा मोर्चा की ओर से अभिषेक सिंह (प्रिंस) ने स्वागत भाषण दिया और आश्वासन दिया कि युवा मोर्चा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाकर पार्टी को मजबूती प्रदान करेगा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.











