कटिहार जिले के कुरसेला में हाल ही में हुई भीषण अग्निकांड की घटना के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। बलरामपुर के पूर्व विधायक और भाकपा (माले) नेता महबूब आलम ने घटनास्थल का दौरा कर आग से प्रभावित दुकानदारों और परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने जली हुई दुकानों और क्षतिग्रस्त सामान का निरीक्षण किया तथा पीड़ितों की समस्याओं को विस्तार से सुना।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग की इस घटना में कई दुकानों का सामान, नकदी और जरूरी कागजात जलकर राख हो गए, जिससे अनेक परिवारों की आजीविका पर सीधा असर पड़ा है। कई दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने व्यवसाय के लिए बैंक से ऋण लिया था, जो अब चुकाना उनके लिए बेहद कठिन हो गया है।

निरीक्षण के दौरान महबूब आलम ने पीड़ितों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक नुकसान नहीं, बल्कि कई परिवारों के जीवन पर गहरा आघात है। उन्होंने तत्काल राहत सामग्री, मुआवजा और पुनर्वास की ठोस व्यवस्था करने की मांग की।

घटनास्थल का जायजा लेने के बाद महबूब आलम ने कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रशासन को अग्निपीड़ितों की दयनीय स्थिति से अवगत कराया और शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी। साथ ही, जिन दुकानदारों ने व्यापार के लिए बैंक ऋण लिया है, उनके कर्ज माफ करने की भी मांग की। उनका कहना था कि वर्तमान परिस्थितियों में प्रभावित लोग ऋण चुकाने की स्थिति में नहीं हैं।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकारी नियमों के अनुरूप सभी पात्र पीड़ितों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी और राहत कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि आग से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए विशेष योजना बनाई जाए, ताकि वे दोबारा अपने व्यवसाय को खड़ा कर सकें और सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










