संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में निजी वाहनों पर अवैध रूप से ‘पुलिस’, ‘प्रेस’ या अन्य भ्रामक पहचान लिखने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ने सभी वाहन मालिकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए एक सप्ताह के भीतर ऐसे नेम प्लेट हटाने का आदेश जारी किया है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, कई लोग निजी वाहनों पर इस प्रकार की पहचान का उपयोग कर खुद को विशेष अधिकार प्राप्त व्यक्ति के रूप में प्रस्तुत करते हैं, जिससे न केवल आम जनता में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है, बल्कि जांच और नियमों से बचने की कोशिश भी की जाती है। इसे मोटर वाहन अधिनियम का गंभीर उल्लंघन माना गया है।

एसपी संतोष कुमार ने साफ कहा है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि ऐसे नेम प्लेट नहीं हटाए गए तो संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना, वाहन जब्ती और अन्य दंडात्मक कार्रवाई शामिल होगी।
इस पूरे अभियान को जिला पदाधिकारी विशाल राज का भी पूरा समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और किसी भी प्रकार की गलत या भ्रामक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह कदम बेहद जरूरी है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि समय सीमा समाप्त होने के बाद विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा, जिसमें नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले वाहनों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और अपने वाहनों पर किसी भी प्रकार की भ्रामक पहचान या अवैध नेम प्लेट का उपयोग न करें, ताकि जिले में पारदर्शी और सुरक्षित व्यवस्था बनी रहे।
अधिक अपडेट के लिए पढ़ें Jeb News.










